Wednesday, September 17, 2025

रचनात्मकता और प्रबंधकीय कौशल को मिला मंच: एम.बी.ए. विभाग ने आयोजित किया ‘प्रबंधन'

 लखनऊ। एस.आर.एम. बिज़नेस स्कूल, लखनऊ के एम.बी.ए. विभाग द्वारा भव्य मेगा इवेंट “प्रबंधन (Prabandhan)” का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, नवाचार क्षमता, टीम वर्क और प्रबंधकीय कौशल को मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें आइडियाथॉन (PowerPoint Presentation), पोस्टर प्रतियोगिता, कोलाज मेकिंग, पेंटिंग, स्केचिंग, फैंसी फेस आर्ट तथा बिज़नेस क्विज़ प्रतियोगिता शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में एम.बी.ए. विभाग के साथ-साथ विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आइडियाथॉन (PowerPoint Presentation) में विद्यार्थियों ने अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए, जिनमें सामाजिक और व्यावसायिक समस्याओं के समाधान की झलक दिखाई दी। पोस्टर और कोलाज प्रतियोगिता ने युवाओं की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रदर्शित किया। वहीं, पेंटिंग और स्केचिंग ने छात्रों की कला और कल्पना शक्ति को एक नई दिशा दी। फैंसी फेस आर्ट प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में रंगारंग और मनोरंजक माहौल बनाया। इसके साथ ही, बिज़नेस क्विज़ प्रतियोगिता ने छात्रों के व्यवसायिक ज्ञान और प्रबंधन की समझ की परीक्षा ली।

इस अवसर पर श्री पियूष सिंह चौहान (उपाध्यक्ष, SRGI) ने अपने सन्देश में कहा, “आज की युवा पीढ़ी देश के भविष्य की धुरी है। ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास विकसित करने और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर देते हैं। हमें गर्व है कि SRGI जैसे संस्थान इस दिशा में लगातार सार्थक प्रयास कर रहे हैं।”

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष श्रीमती रुचिता चौहान ने कहा कि “प्रबंधन जैसे कार्यक्रम छात्रों को केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।”

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्पिता पांडेय (नारी शिक्षा निकेतन) ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा, “हर प्रतियोगिता में छात्रों ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया, वह काबिल-ए-तारीफ है। छात्रों की प्रस्तुति में नवाचार और परिश्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। ऐसे मंच युवाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन न केवल छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें भविष्य के सफल प्रबंधक बनने की राह भी दिखाते हैं।”

श्रीमती अर्पिता पांडेय 

समन्वयक डॉ. शुभेन्दु शेखर शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा, “आज के प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में छात्रों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। ‘प्रबंधन’ जैसे आयोजन छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समस्या समाधान की सोच को बढ़ावा देते हैं। यह केवल एक सांस्कृतिक या शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य के सफल प्रबंधकों और उद्यमियों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

डॉ. शुभेन्दु शेखर शुक्ल (समन्वयक)

कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान कर किया गया। पूरे कार्यक्रम में छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह आयोजन एम.बी.ए. विभाग के शिक्षकों और छात्रों के सामूहिक प्रयास से अत्यंत सफल रहा।

No comments:

Post a Comment

लोकनीति द्वारा आईआईएम लखनऊ में ‘नेतृत्व, निर्णय, व निर्माण – नारी @2047’ पर दो दिवसीय संगोष्ठी का शुभारंभ

 लोकनीति द्वारा भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) लखनऊ के सभागार में ‘नेतृत्व, निर्णय, व निर्माण – नारी @2047’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगो...